देश

वायनाड में अब तक 143 लोगों की मौत, रेस्क्यू में जुटी तीनों सेनाएं..

केरल के वायनाड जिले में मंगलवार तड़के बारिश भारी तबाही लेकर आई। इस कारण पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त भूस्खलन हुआ, जिसमें चार गांव बह गए। आपदा में 143 लोगों की मौत हो गई और 128 घायल हो गए, जिनमें कई गंभीर हैं। कई लोगों के लापता होने की आशंका है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने केरल के सभी उत्तरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के भीतर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।

सेना के दो जेसीओ और 40 जवान बचावकार्यों में जुटे हुए हैं। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर भी मदद के लिए भेजे गए हैं। केरल में मंगलवार और बुधवार को दो दिन का शोक घोषित किया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। बता दें कि केरल में पिछले छह वर्षों में यह सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा है। अगस्त 2018 में आई बाढ़ में राज्य में 483 लोगों की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने बताया, भूस्खलन का यह दौर देर रात दो बजे शुरू हुआ। सुबह छह बजे तक भूस्खलन की तीन घटनाएं दर्ज हुईं, जिसकी चपेट में चार गांव आए। लोग सोए हुए थे, जिससे उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। भूस्खलन के कारण कई मकान नष्ट हो गए, वाहन बह गए, जलाशयों में पानी भर गया और पेड़ उखड़ गए। प्रभावित इलाकों में मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टमाला और नूलपुझा गांव शामिल हैं। 34 मृतकों की पहचान कर ली गई है, जिनमें से 18 के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

कोझिकोड जिले के विलंगाडु और मलयंगाडु इलाकों में भी मंगलवार को हुए भूस्खलन के बाद एक व्यक्ति लापता हो गया, कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और पुल व सड़कें बह गईं। अधिकारियों ने बताया, मलयंगाडु पुल के बह जाने से करीब 15 परिवार मुख्य क्षेत्र से कट गए हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है और एनडीआरएफ टीम के नेतृत्व में बचाव अभियान जारी है।

सूत्रों ने बताया, बचावकर्मियों को नदियों और कीचड़ से लोगों के अलग-अलग अंग बरामद हो रहे हैं। इसलिए त्रासदी में मारे गए लोगों की सही संख्या का पता लगाना मुश्किल हो गया है। यह स्पष्ट नहीं है कि जो अंग मिल रहे हैं, वे एक ही व्यक्ति के हैं या कई लोगों के हैं। मृतकों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button