छत्तीसगढ़

VIDEO : रायपुर के ‘ललित महल’ की हाई-प्रोफाइल पार्टी में हंगामा,वीडियो आया सामने..

रायपुर के ललित महल में रविवार रात हाई प्रोफाइल पार्टी में हंगामा हो गया। डीजे की धुन पर जमकर डांस हो रहा था। इसी दौरान भाजयुमो और बजरंग दल के 100 से ज्यादा कार्यकर्ता अंदर घुस गए। उन्होंने पार्टी बंद करा दी और भजन शुरू कर दिया।

दरअसल, होटल में चल रही पार्टी में शहर के कई कारोबारियों के लड़के-लड़कियां और कॉलेज स्टूडेंट्स पहुंचे थे। तभी 10-15 कार में सवार होकर प्रदर्शनकारी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है पार्टी में नाबालिगों को शराब परोसी जा रही थी।

हालात बिगड़ते देख आयोजकों ने पुलिस बुला ली। पुलिस पहुंची तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें भी खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद वहीं बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया और जय श्रीराम के नारे लगाने लगे।

हंगामे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रदर्शनकारी पुलिस से कह रहे हैं कि अगर ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति दोबारा दी तो यह आप लोगों के लिए भी ठीक नहीं होगा। माइक थामकर प्रदर्शनकारी लड़के-लड़कियों को बाहर निकलने कह रहे।

कार्यक्रम में नाबालिगों को शराब परोसी जा रही थी। हॉस्टल के बच्चे वहां आए थे। हम पहुंचे तो कई चीजें छिपा दी गईं। ऐसे आयोजनों में चरस-अफीम बांटी जाती है।

उन्होंने कहा कि, शराब परोसने की परमिशन है, लेकिन नाबालिगों को देना ठीक नहीं है। लड़कियां वहां आपत्तिजनक कपड़ों में थी। पार्टी का माहौल ठीक नहीं था। जिस डीजे या सिंगर को बुलाया गया था उसका नाम अखलाद अहमद है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वह डीजे अक्सर हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक गीत बनाता है। इस वजह से हमने कार्यक्रम का विरोध किया।

ललित महल के ऑपरेशन मैनेजर अजय ने बताया कि, टेक्नो पार्टी का आयोजन था। DJ लगाया गया था। हमारे गेस्ट अपना क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रहे थे। हमारे पास कार्यक्रम में शराब परोसने की परमिशन भी थी। इसके बावजूद हंगामा करते हुए कुछ लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।

हम उन्हें नहीं जानते कि वो कौन लोग थे। जय श्री राम के नारे लगा रहे थे। डांस कर रहे लड़के लड़कियों को भगा दिया। हमने पुलिस को खबर दी, लेकिन इससे भी कुछ नहीं हुआ। करीब 2 घंटे तक यह बवाल चलता रहा। हमने पुलिस से इस मामले की शिकायत कर कार्रवाई करने कहा है।

Related Articles

Back to top button