देश

Chandrayaan 3 को लेकर फिर आई अच्छी ख़बर..

चंद्रयान-3 पूरी तरह से सक्सेसफुल रहा है। पिछले साल अगस्त में इसरो ने चंद्रयान-3 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंड करवाकर इतिहास रच दिया था। अब इससे जुड़ा एक और गजब का वीडियो सामने आया है, जिसको देखकर कोई भी भारतीय खुश हो जाएगा।

दरअसल, चंद्रयान-3 के इस ताजा वीडियो को कई फोटोज से मिलाकर बनाया गया है, जिसमें विक्रम लैंडर का रैंप बंद होता हुआ दिखाई दे रहा है। मालूम हो कि इसी रैंप से प्रज्ञान चंद्रमा की सतह पर उतरा था और फिर उसने एक चंद्र दिन यानी कि 14 दिनों तक चांद से जुड़ी कई अहम जानकारियां इकट्ठी की थीं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूजर्स ने फोटोज को वीडियो की शक्ल देकर इसे शेयर किया है। इसमें चंद्रयान-3 के विक्रम का रैंप बंद होता दिख रहा है।

इसरो के चंद्रयान-3 डेटा रिपॉजिटरी में ऐड की गईं फोटोज में लैंडर को हॉप करने की तैयारी में अपने रैंप को वापस खींचते हुए और उसके बाद लैंडिंग और रैंप को फिर से बंद करते हुए दिखाया गया है। हालांकि, यह फोटोज और वीडियोज पिछले साल के सितंबर महीने की ही हैं।

बता दें कि हाल ही में चंद्रयान-3 की लैंडिंग को लेकर वैज्ञानिकों ने बताया था कि भारत का चंद्र मिशन चंद्रयान-3 संभवतः चंद्रमा के सबसे पुराने गड्ढों में से एक में उतरा था।

अहमदाबाद स्थित भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के शोधकर्ताओं सहित टीम ने कहा कि यह गड्ढा नेक्टरियन काल के दौरान बना था, जो 3.85 अरब वर्ष पुराना है और चंद्रमा के इतिहास में सबसे पुराने समय अवधियों में से एक है।

फिजिकल रिसर्च लैबोरेटरी के ग्रह विज्ञान प्रभाग में एसोसिएट प्रोफेसर एस विजयन ने बताया था कि चंद्रयान-3 का लैंडिंग स्थल एक अद्वितीय भूगर्भीय स्थान है, जहां कोई अन्य मिशन नहीं गया है।

मिशन के प्रज्ञान रोवर से प्राप्त तस्वीरें इस अक्षांश पर चंद्रमा की पहली ऑन-साइट तस्वीरें हैं। इनसे पता चलता है कि समय के साथ चंद्रमा कैसे विकसित हुआ।

Related Articles

Back to top button