देश

वहां हुई अजूबी शादी.. श्मशान में हुए सात फेरे..!

(शशि कोन्हेर) : पंजाब के अमृतसर में एक अनोखी शादी हुई है। यहां के मुहकमपुरा इलाके के श्मशान घाट में एक जोड़े की शादी हुई है, जो सुर्खियां बटोर रही है। परिवार गरीब था और बेटी की शादी के लिए पैलेस बुक नहीं करवा सकता था। इलाके के निवासियों ने मदद के साथ बेटी की यहां शादी की और यहीं से डोली को भी विदा किया। यहीं पर बारात का स्वागत हुआ और भोज भी।

स्थानीय लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहकमपुरा के श्मशान घाट में दादा-दादी और उनकी एक पोती लंबे समय से रह रही थी। कुछ समय पहले दादा का देहांत हो गया, दादी की उम्र भी काफी अधिक है। पोती की शादी की चिंता उन्हें खाये जा रही थी।

ऐसे में स्थानीय लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया। बेटी के लिए एक अच्छा लड़का ढूंढा और शादी की तैयारियां शुरू कर दीं। लड़की के परिजनों ने बताया कि काफी गरीब होने के कारण और समाज सेवी लोगों की मदद से शादी हुई। चूंकि उनका घर श्मशान घाट के अंदर था तो बारात सीधे श्मशान घाट के अंदर आई और डोली भी यहीं से विदा हुई।

स्थानीय लोगों ने जुटाए पैसे
गरीब परिवार होने के कारण शादी करने के लिए दादी के पास पैसे नहीं थे। इलाका निवासियों ने शादी के लिए पैसे जुटाए। बेटी को देने के लिए कुछ सामान और खाने का इंतजाम किया। श्मशान घाट से ही डोली रवाना की गई। लोगों ने कहा कि श्मशान घाट को अशुभ माना जाता है, लेकिन यहां लड़की की शादी करके उन्होंने समाज में एक अलग मिसाल कायम की है।

जब इस शादी को यहां करने का फैसला किया गया तो कई उन पर हंसे भी थे। लेकिन जब लड़के वाले खुद राजी हो गए तो सभी ने यहीं शादी करने की तैयारियां शुरू कर दीं। लोगों का कहना है कि श्मशान से पवित्र कोई जगह नहीं है। लोग यहां आने से डरते हैं, लेकिन सच ये है कि एक न एक दिन यहां सभी को आना है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button