देश

महिलाओं के बाद युवाओं के लिए भी अलग घोषणापत्र जारी करेगी कांग्रेस…..

(शशि कोन्हेर) : लखनऊ – उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों द्वारा तमाम लुभावने वादों का दौर जारी है। सभी दल अलग-अलग तरीके से जनता को अपनी ओर आकर्षित करने के जतन कर रहे हैं। महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र जारी करने के बाद कांग्रेस पार्टी अब युवाओं को साधने के लिए उनके लिए भी वादों का पिटारा खोलने जा रही है। नौजवानों को लुभाने के लिए पार्टी जल्द ही युवाओं के लिए घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार युवाओं के लिए कांग्रेस इसी हफ्ते घोषणा पत्र जारी कर सकती है।

उत्तर प्रदेश के मतदाताओं में सबसे ज्यादा तादाद युवा वर्ग के है। सूबे के 7.5 करोड़ मतदाता यानी लगभग 50 प्रतिशत वोटर 39 वर्ष तक की उम्र के हैं। इनमें से 18 से 19 वर्ष तक के मतदाताओं की संख्या 19.89 लाख हैं। सभी राजनीतिक दल युवा मतदाताओं पर डोरे डालने में लगे हैं और कांग्रेस भी इसका अपवाद नहीं है।

‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा देने वाली कांग्रेस ने महिलाओं को साधने के लिए उन्हें विधान सभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट देने के अलावा अन्य कई घोषणाएं की हैं। वहीं युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी पार्टी बेहद मुखर रही है। बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और उनके पेपर आउट होने, सरकारी भर्तियों में आरक्षण की प्रक्रिया का पालन न होने जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर रही है और इनसे प्रभावित युवाओं के आक्रोश और कुंठा को स्वर देती रही है।

कांग्रेस पार्टी ने बेरोजगारों को और चुभने वाली महंगाई के मुद्दे को लेकर भी सड़क से सदन तक संघर्ष किया है। युवाओं को साधने के लिए पार्टी ने 20 लाख सरकारी नौकरियां देने का ऐलान किया है। लिहाजा कांग्रेस बड़ा दांव चलते हुए युवाओं को साधने के लिए उनकी खातिर घोषणा पत्र जारी करने जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button