बिलासपुर

आया सावन झूम के… थैंक्यू सीएसईबी…पहली बार बिलासपुर को मिला..बारिश का मजा और बिजली का सुख, साथ-साथ

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर। गुरुओं की कृपा से गुरु पूर्णिमा पर्व पर शुरू हुई बारिश पूरी रात और उसके बाद सावन के पहले दिन आज सुबह से अभी तक जारी है। छत्तीसगढ़ी में कहा जाता है कि रतिहा के झगडा.. अऊ बिहनिया के पानी.. जल्दी नई रुकै.. लिहाजा कल देर शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला गुरु पूर्णिमा पर्व पर आधी रात तक चलता रहा।

आधी रात के बाद भी सावन के पहले दिन आज तड़के सुबह से बारिश पानी की एक तरह से झड़ी सी ही लगी रही। बारिश ने आज पहले दिन सावन के आगमन का जैसा स्वागत किया, उससे पूरा माहौल ही झमाझम हो गया। यह ठीक है कि शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव के हालात पैदा हो गए हैं। लेकिन इसके बावजूद यह भी सच है कि 2 दिनों से चल रही बारिश सभी का कलेजा ठंडा कर रही है।

यह बरसात बिलासपुर शहर के अलावा जिले और प्रदेश में सभी तरफ अपना रोल दिखा रही है। कल और आज की बारिश का सबसे अहम पहलू यह है कि, इस दौरान पहली बार, बिलासपुर शहर के लोगों को बारिश और बिजली का मजा साथ साथ मिला है।

आमतौर पर आसमान में बदली छाते ही लाइन गोल कर देने वाले सीएसईबी ने कल पूर्णिमा की रात और आज सावन की सुबह तक एकाद जगह अपवाद स्वरूप छोड़कर बिलासपुर शहर के अधिकांश हिस्से में मिनट के लिए भी लाइन गोल ना कर बड़ी कृपा बरसाई। इस कृपा के लिए सीएसईबी के अधिकारियों कर्मचारियों को एक थैंक्यू तो बनता ही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button