छत्तीसगढ़

राहुल गांधी समेत कई दिग्गज कांग्रेस नेताओं पर मुकदमा, सीएम के निर्देश पर ऐक्शन..

(शशि कोंन्हेर) : असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अगुवाई कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किल कम नहीं हो रही है। मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और कन्हैया कुमार पर असम पुलिस ने हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। मामले की जानकारी देते हुए सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि नक्सली रणनीति असम में नहीं चलेगी।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “कांग्रेस सदस्यों के आज हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले के अनियंत्रित कृत्यों के चलते राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120 (बी) 143/ के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।”

राहुल गांधी और हिमंत में टकराव
जब भारत जोड़ो न्याय यात्रा का असम में प्रवेश हुआ है, तब से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा और राहुल गांधी के बीच शब्दों की लड़ाई जारी है। राहुल गांधी ने एक रैली में हिमंत को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री कहा तो हिमंत ने भी जवाब में उन्हें असम में प्रवेश न करने की सलाह दी थी।

सोमवार को अयोध्या राम मंदिर उद्घाटन के वक्त राहुल गांधी को असम के फेमस शंकर मंदिर में एंट्री नहीं दी गई। विरोध करने पर पुलिस ने कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज किया।

मंगलवार को मामला तब और तेज हो गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुवाहाटी शहर में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। सरमा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को कथित तौर पर ‘भीड़ को उकसाने’ के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ”नक्सली रणनीति” असम की संस्कृति के लिए अलग है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button