छत्तीसगढ़

कांग्रेस महाधिवेशन स्थल पर टेंट सिटी निर्माण का मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन

(शशि कोन्हेर) : रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को नवा रायपुर में प्रस्तावित कांग्रेस महाधिवेशन स्थल पर टेंट सिटी निर्माण का भूमिपूजन किया। मेला ग्राउंड पर महाधिवेशन के लिए 13-14 हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला भव्य डोम बनेगा। महाधिवेशन स्थल पर ही कांग्रेस के इतिहास पर केंद्रित एक प्रदर्शनी, राज्य सरकार की उपलब्धियों बताने वाले स्टाल और स्थानीय उत्पादों के बिक्री के लिए स्टाल भी लगाए जाएंगे।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को मंत्रियों और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ नवा रायपुर पहुंचे। वहां उन्होंने टेंट लगाने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों से बात कर पूरी योजना समझी। बाद में वहां नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने कहा, विचार, रणनीति और देश की दिशा निर्धारित करने के लिए आयोजित इस मंथन महायज्ञ से जनकल्याण और भारत जोडऩे का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

इस औपचारिक पूजा के साथ वहां टेंट आदि निर्माण का काम शुरू हो गया है। वन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button