देश

भयानक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन से टक्कर में जीप के उड़े परखच्चे, 8 की मौत..

मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार देर रात को अज्ञात वाहन से टक्कर में एक जीप के परखच्चे उड़ गए। इस भयानक सड़क हादसे में एक महिला समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि जीप इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाटाबिल्लोद के पास किसी अज्ञात वाहन से जा भिड़ी। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है।


पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा इंदौर के पास बेटमा में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। बुधवार देर रात करीब 10.30 पर हुए इस सड़क हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हुई है। एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जीप की जिस अज्ञात वाहन से भिड़ंत हुई है। वह वाहन मौके पर मौजूद नहीं पाया गया है। ऐसा लग रहा है कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी समेत फरार हो गया।


हादसे के कारण पैदा हुई तेज आवाज से आसपास का इलाका दहल गया। स्थानीय लोग मौके की ओर भागे। टक्कर इतनी तगड़ी थी कि जीप बुरी तरह पिचक गई। लोग उसी में बुरी तरह फंस गए थे। लोगों ने घायलों और मृतकों को निकाला।

पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। हादसे की जानकारी लगते ही एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस को भी बुला लिया। बताया जाता है कि जीप में सवार लोग मान कार्यक्रम से लौट रहे थे। पुलिस अधिकारी ने कहा- हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो जीप सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। हालांकि पुलिस की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वह अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद भी ली जा रही है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि बोलेरो का टायर अचानक फट गया जिससे वह बेकाबू होकर ट्रक से जा टकराई। घटना के समय बोलेरो की रफ्तार ज्यादा थी। लोग बताते हैं कि हादसे में मौके पर ही आठ लोग मारे गए।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button