Uncategorized

रूस के साथ संबंध खत्म नहीं करेगा भारत -अमेरिका ,शांति वार्ता के लिए भूमिका निभाने का किया आग्रह

वाशिंगटन : अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री और दक्षिण-मध्य एशियाई मामलों के प्रभारी डोनाल्ड लू ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत के रुख पर अमेरिकी दृष्टिकोण व्यक्त किया। शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका को नहीं लगता कि भारत जल्द रूस के साथ संबंध समाप्त करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि भारत यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए रूस के साथ अपने प्रभाव का उपयोग करेगा।

भारत को लेकर क्या बोले अमेरिकी अधिकारी?
शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की भारत, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान की आगामी यात्रा के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए ये टिप्पणियां कीं। गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में रूस-यूक्रेन पर मतदान से दूर रहने वाले 32 देशों को लेकर सवाल के जवाब में, लू ने कहा, ‘यह हमारे लिए स्पष्ट है कि मध्य एशिया के देशों और भारत के रूस के साथ लंबे, जटिल संबंध रहे हैं।’

रूस के साथ संबंध खत्म नहीं करेगा भारत- अमेरिका
अमेरिकी अधिकारी ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि वे जल्द ही उन संबंधों को समाप्त करने जा रहे हैं, लेकिन हम उनसे बात कर रहे हैं कि वे इस संघर्ष में क्या भूमिका निभा सकते हैं।’ बता दें कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव पर मतदान से दूर रहने का फैसला किया, जिसने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के अनुसार यूक्रेन में “व्यापक, न्यायसंगत और स्थायी शांति” प्राप्त करने की तात्कालिकता पर जोर दिया।

शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने कहा, ‘यह हमारी आशा है कि भारत इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए रूस के साथ उस प्रभाव का उपयोग करेगा।’ बता दें कि भारत ने 1 दिसंबर, 2022 को G20 की अध्यक्षता ग्रहण की। ब्लिंकन 1 मार्च को जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली की यात्रा करेंगे। इस दौरान, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, सतत विकास, नशीले पदार्थों का मुकाबला करने, वैश्विक स्वास्थ्य, मानवीय सहायता और आपदा राहत पर सहयोग को गहरा करने पर ध्यान केंद्रित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button