खेल

भारत ने एक ही दिन में जीते 8 मेडल, इन खिलाड़ियों ने किया देश का नाम रोशन..

पैरालंपिक गेम्स 2024 में भारत के लिए सोमवार 2 सितंबर का दिन खास और ऐतिहासिक रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में एक या दो नहीं, बल्कि कुल 8 मेडल जीते। इनमें दो गोल्ड मेडल भी शामिल थे।

भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल पर कब्जा किया, जबकि पैरा बैडमिंटन में नितीश कुमार ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 3-3 सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल भी भारत को इसी दिन मिले। 1 सितंबर तक भारत के खाते में 7 पदक थे, लेकिन 2 सितंबर के बाद पदकों की संख्या 15 पहुंच गई है।

योगेश कथुनिया ने दिन की शुरुआत सिल्वर मेडल के साथ की। उन्होंने मेंस डिस्कस थ्रो एफ56 में रजत पदक हासिल किया। इसके बाद भारत को नितीश कुमार ने बैडमिंटन मेंस सिंगल्स एसएल3 में गोल्ड मेडल देश को दिलाया, जो पेरिस 2024 में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक था। इसके बाद ब्रॉन्ज मेडल भारत के खाते में आया।

मनीषा रामदास ने बैडमिंटन वुमेंस सिंगल्स SU5 में कांस्य पदक जीता और इसी स्पर्धा में तुलसीमति मुरुगेसन ने रजत पदक अपने नाम किया। बैडमिंटन ने भारत को एक और पदक आईएएस सुहास यथिराज ने दिलाया। उन्होंने मेंस सिंगल्स एसएल4 में सिल्वर मेडल जीता। वे टोक्यो पैरालंपिक में भी पदक जीते थे।

इसके बाद आर्चरी में भारत की मिक्स्ड टीम ने कंपाउंड ओपन में कांस्य पदक जीता। राकेश कुमार और शीतल देवी ने ये पदक दिलाया। देर रात सुमित अंतिल ने जेवलिन थ्रो एफ64 में देश को गोल्ड मेडल दिलाया।

जो दिन का दूसरा और खेलों का तीसरा स्वर्ण पदक भारत के लिए था। वहीं, वुमेंस सिंगल्स एसएच6 में नित्या श्री सिवान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जो दिन का भारत के लिए पैरालंपिक गेम्स 2024 में 8वां मेडल था।

Related Articles

Back to top button