देश

सिक्किम की भीषण बाढ़ की सामने आई वजह, वैज्ञानिक बोले-

नई दिल्ली। बीते हफ्ते सिक्किम में दक्षिण लोनाक झील पर बहुत भारी बारिश हुई। इसके चलते झील के पानी ने अपना किनारा छोड़ दिया। सब कुछ इतना अचानक हुआ कि झील के पानी ने चुंगथांग बांध को तोड़ दिया। इसके बाद तबाही का ऐसा दौर आया कि फिलहाल चालीस से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, तमाम लोग गायब हैं, अनगिनत लोग चोटिल हैं और सिक्किम के कई हिस्सों में बाढ़ आ चुकी है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, क्षेत्र में ऐसी भीषण बारिश के लिए मौसम की स्थिति पूरी तरह से अनुकूल थी। इसकी वजह थी आस-पास कम दबाव के क्षेत्र का होना। लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन ने भी निश्चित तौर से इस बरसात को इतना भीषण बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

2021 में हुई थी झील के ओवरफ्लो होने की भविष्यवाणी
दरअसल साल 2021 में एक अध्ययन से पता चला था कि दक्षिण लोनाक झील का आकार गंभीर रूप से बढ़ चुका है। इस अध्ययन में यह भी कहा गया था कि अब झील भारी बारिश जैसे चरम मौसम के प्रति संवेदनशील हो गई है।

अब क्योंकि हम यह अनुमान नहीं लगा सकते कि ग्लेशियर में बाढ़ कब आएगी, इसलिए ऐसी किसी बाढ़ के लिए तैयार रहना ही हमारे पास एकमात्र विकल्प है। जरूरत है उचित आपदा जोखिम न्यूनीकरण योजना और क्षति नियंत्रण की।

स्थिति कि गंभीरता समझाते हुए ग्लेशियोलॉजिस्ट डॉ. फारूक आजम कहते हैं, ‘साल 2021 में भविष्यवाणी की गई थी कि यह झील ओवरफ्लो हो जाएगी और बांध को प्रभावित करेगी। ग्लोबल वार्मिंग से ग्लेशियर पिघलने के कारण ग्लेशियर झीलों की संख्या में वृद्धि हुई है।’

वैसे ग्लेशियर झीलें भले ही ज्यादातर सुदूर पहाड़ी घाटियों में होती हैं, लेकिन उनका फटना नीचे की ओर कई किलोमीटर तक नुकसान पहुंचा सकता है। जीवन, संपत्ति और बुनियादी ढांचे पर असर पड़ सकता है। जैसा कि फिलहाल सिक्किम में देखने को मिल रहा है।

ग्लेशियोलॉजिस्ट और वैज्ञानिकों ने ग्लेशियर झीलों के आकार में तेजी से वृद्धि को लेकर चेतावनी दी है। जैसे-जैसे इन पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी ढांचों और बस्तियों का विकास हो रहा है, ये ग्लेशियर झीलें एक प्रमुख चिंता का विषय बन रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button