देश

संजय सिंह को कोर्ट से झटका….10 नवंबर तक बढ़ाई गई न्यायिक हिरासत





शराब घोटाले में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 10 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को राउज ऐवेन्यू कोर्ट में ईडी ने उन्हें पेश किया था। संजय सिंह को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।

हालांकि कोर्ट ने उन्हें एक राहत दी और निजी डॉक्टर से इलाज की छूट दी। संजय सिंह ने खुद को शुगर, ग्लूकोमा से पीड़ित हैं। कोर्ट ने जेल अथॉरिटी से कहा कि संजय सिंह को आई सेंटर ले जाकर उनका इलाज करवाएं। पर्याप्त सुरक्षा के बीच उन्हें अस्पताल ले जाने को कहा गया।


न्यायाधीश ने कहा कि अदालत को आरोपी को निजी इलाज देने से इनकार करने का कोई कारण नहीं दिखता। इसलिए संबंधित जेल अधीक्षक को उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाता है। अदालत ने निर्देश दिया कि आरोपी के वकील यह सुनिश्चित करें कि संजय सिंह कोई भी समर्थक उनकी यात्रा के दौरान मेडिकल सेंटर में इकट्ठा न हो। इसके अलावा कोर्ट ने उन्हें परिवार के खर्च के लिए दो चेक साइन करने की छूट दी।

13 अक्टूबर को पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने संजय सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस बीच दिल्ली हाई कोर्ट से भी उन्हें राहत नहीं मिली। हाई कोर्ट ने हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किए जाने के बाद ईडी ने संजय सिंह को 8 दिन तक कस्टडी में रखकर पूछताछ की थी।

ईडी का दावा है कि शराब घोटाले में संजय सिंह के पास रिश्वत की रकम पहुंची थी। इसके अलावा जांच एजेंसी का यह भी आरोप है कि विवादित आबकारी नीति के निर्माण में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार की ओर से उन्हें निर्दोष बताते हुए शराब घोटाले के दावों को खारिज किया है। संजय सिंह से पहले दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी गिरफ्तार किया गया था। वह फरवरी अंत से ही जेल में बंद हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button