छत्तीसगढ़

3  BHK मकान बनाकर देने के नाम से 19 लाख 80 हजार रुपए लेकर, धोखाधड़ी के (6 माह से फरार) आरोपी को गिरफ्तार करने में सरकंडा पुलिस को मिली सफलता

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर। तीन BHK मकान बनाकर देने के नाम पर 19 लाख 80 हजार रुपए लेने के बाद मकान बनाकर देने के बजाय धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार करने में सरकंडा पुलिस को सफलता मिली है। जोरापारा बिलासपुर निवासी आरोपी अतुल परिहार उसके खिलाफ सरकंडा थाने में 30 सितंबर 2022 में दर्ज हुई रिपोर्ट के बाद से फरार चल रहा था।

सरकंडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करैहापारा रतनपुर में रहने वाले सूरज कुमार घोष पिता स्वर्गीय रंजीत कुमार घोष की जोरापारा बिलासपुर में रहने वाले अतुल परिहार से जान पहचान हुई। अतुल परिहार ने उसे बताया कि वह मकान बनाकर बेचने का व्यवसाय करता है। इस पर आरोपी ने 3 BHK मकान बनाकर देने के नाम पर रतनपुर निवासी 30 वर्षीय सूरज कुमार घोष के साथ 28 लाख रुपए में सौदा तय किया।

इसके बाद सूरज कुमार घोष ने नगर एवं बैंक से लोन लेकर कुल 19 लाख 80 हजार अतुल परिहार को दिया। इस पर अतुल परिहार ने अपनी चाची संतोषी परिहार पति कन्हैया परिहार निवासी बंधवापारा के नाम पर दर्ज 760 वर्ग फीट भूमि प्रार्थी सूरज कुमार घोष और उसकी मां के नाम पर रजिस्ट्री करा दिया। लेकिन वादे के मुताबिक 3 BHK मकान बनाकर नहीं दिया। इस बारे में प्रार्थी सूरज कुमार द्वारा बोलने पर आरोपी अतुल परिहार ने उससे सीधे सीधे कहा कि मकान नहीं बनाऊंगा। जो करना है कर लो।

इससे दुखी और चिंतित होकर रतनपुर निवासी सूरज कुमार घोष ने अतुल परिहार के खिलाफ सरकंडा थाना में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रकरण की कायमी के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। जिसकी पुलिस के द्वारा पतासाजी की जा रही थी। बिलासपुर साइबर सेल से तकनीकी साक्ष्य लेने पर आरोपी के जांजगीर में होने की जानकारी मिली। यह बात पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह की जानकारी में लाई गई। इस पर उन्होंने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

इसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेंद्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती पूजा कुमार के मार्गदर्शन में टीम तैयार कर आरोपी अतुल परिहार पिता स्वर्गीय हीरा सिंह परिहार निवासी जोरापारा सरकंडा को जांजगीर से गिरफ्तार कर विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक फैजुल हौदा शाह, उपनिरीक्षक बीआर सिन्हा प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह आरक्षक मनोज बघेल धर्मेंद्र कुमार विवेक राय सोनू पाल राहुल सी और मिथलेश सोनी का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button