छत्तीसगढ़

भाजपा में जल्द ही और बदलाव के और झटके -जिलों और प्रकोष्ठों तक बदलेंगे चेहरे, पार्टी की सूरत और सीरत दोनों ही..

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्तियों के बाद अब बदलाव की लहर का नीचे जिलों तक आना तय दिखाई दे रहा है। पार्टी के कुछ मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बदल सकते हैं। वहीं बदलाव की बयार प्रदेश की सभी जिला इकाइयों को भी जल्द ही स्पर्श करेगी। राजधानी रायपुर में चर्चा है कि प्रदेश के केवल कुछ जिलों को छोड़कर अधिकांश जिलों में भाजपा के जिला अध्यक्ष हटा दिए जाएंगे और उनके स्थान पर नई नियुक्तियां की जाएंगी।

इसी तरह भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी शिखर पर बदलाव के बाद अब नीचे जिलों में भी मोर्चा की सूरत और सीरत दोनों ही बदलने की पहल शुरू हो जाएगी। पार्टी का स्पष्ट मानना है कि विभिन्न जिम्मेदार पदों पर इस या उस नेता के समर्थको को हटाकर ऐसे लोगों को सामने लाया जाएगा जिनकी निष्ठा और समर्पण सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के लिए हो।‌ यह साफ दिखाई दे रहा है कि बदलाव की इस दस्तक से जिलों में विभिन्न पदों पर बैठे मठाधीशों के समर्थकों को भय लगने लगा है।

और उनका यह डर बहुत हद तक सही भी है। पार्टी नेतृत्व के तेवर देखकर साफ संकेत मिल रहा है कि अब प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को जबरदस्त जुझारू और आक्रामक बनाने के लिए जो भी बदलाव जरूरी होगा उसे जल्द से जल्द आकार दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button