छत्तीसगढ़

कांग्रेस नेताओं की बजाए भाजपा नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहें,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव

(शशि कोन्हेर) : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण साव ने दावे के साथ कहा है कि कई कांग्रेस नेता उनके संपर्क में हैं। इसका मतलब शायद यही है कि कई कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल होने के लिए उनके संपर्क में है। अब इस दावे और बयान की सच्चाई तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण साव ही जानें।

लेकिन इतना जरूर है कि भारतीय जनता पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओ और नेताओं के साथ उनके संपर्क उतने प्रगाढ नहीं है जितने होने चाहिए। अगर ऐसा होता तो नंदकुमार साय सरीखे कद्दावर भाजपा नेता के कांग्रेस प्रवेश की पहले ही कुछ ना कुछ तो सुगबुगाहट उन्हें भी लग जाती। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

यह बात साफ इशारा कर रही है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के तार अभी भी पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ नहीं जुड़े हैं। उन्हें तो शायद यह भी नहीं मालूम है कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता क्या चाहता है..?  प्रदेश अध्यक्ष पद पर  तैनाती के बाद उनके कार्यक्रम जिस तरह बिखरे बिखरे से हो रहे हैं।

उसके कारण उनका प्रभाव ना तो कार्यकर्ताओं पर पड़ रहा है और ना आम जनता पर। सरकार के विरोध में जो भी बैठकें, आंदोलन धरना प्रदर्शन हो रहे हैं उसमें पार्टी के बमुश्किल 10-15 फ़ीसदी लोग ही शरीक हो रहे हैं। दरअसल प्रदेश अध्यक्ष पद पर बैठा व्यक्ति आत्ममुग्ध हो ही जाता है।

इस लिहाज से श्री अरुण साव कोई अपवाद नहीं है। लेकिन उनकी यह आत्ममुग्धता आने वाले विधानसभा चुनाव के पहले समाप्त हो जाए तभी पार्टी का भला है। वैसे ही उन्हें कांग्रेस नेताओं से संपर्क में रहने की बजाए यह जानकारी हासिल करनी चाहिए कि भाजपा का झंडा उठाने वाला जमीनी कार्यकर्ता, पार्टी संगठन से क्या चाहता है..?

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button