देश

मुंबई में आंधी ने मचाया भारी कोहराम, 4 की मौत, कई उड़ानों पर असर..

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सोमवार को जोरदार आंधी ने हिला डाला। धूल भरी इस आंधी के चलते लोग जहां के तहां फंस गए और कई जगहों पर ट्रैफिक बाधित रहा। कई उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है। तेज हवाओं के चलते कहीं पेड़ गिर गए तो कहीं बैनर और बिलबोर्ड्स आदि आंधी में नीचे आ गिरे। एक तरह ऐसा ही बड़ा बिलबोर्ड गिरने के चलते 4 लोगों की मौत हो गई और करीब 59 लोग घायल हैं।

साथ ही 100 से ज्यादा अंदर फंसे बताए जा रहे हैं। इस आंधी के चलते पूरे शहर में ही धूल की चादर सी दिखाई दी और अंधेरा छा गया। इस आंधी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बिलबोर्ड गिरने की घटना मुंबई के घाटकोपर इलाके की है। इसमें कई लोग दबे हुए हैं। बिलबोर्ड एक पेट्रोल पंप के सामने लगा था, जो आंधी आने पर पंप के बीचोंबीच जा गिरा, जहां कुछ लोग मौजूद थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, घाटकोपर में होर्डिंग ढहने की घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दुर्घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मलबे में फंसे जीवित बचे लोगों की तलाश की जा रही है।

मालूम हो कि मुंबई में इस सीजन की यह पहली बारिश है। बारिश होने से मुंबई और उसके आसपास के इलाके के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, धूल भरी हवाओं के चलते लोगों को परेशानियों का सामना जरूर करना पड़ा।

तेज धूल भरी आंधी चली जिससे आज दोपहर में 3 बजे ही आसमान में अंधेरा छा गया। पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। वित्तीय राजधानी के कई जिलों में बिजली गुल हो गई। ऐसे में लोगों की परेशानियां और भी ज्यादा बढ़ गईं।

मुंबई की बारिश और आंधी को लेकर IMD ने क्या कहा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि मुंबई के आसपास कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ठाणे, पालघर और मुंबई में बिजली गिरने, मध्यम से तेज बारिश और तूफान आने की आशंका है। आईएमडी ने इसे लेकर नाउकास्ट वार्निंग जारी की है।

वहीं, बिजली के तार पर बिलबोर्ड गिर जाने से आरे और अंधेरी ईस्ट के बीच मेट्रो नहीं चल सकी। तेज हवाओं के कारण ठाणे और मुलुंड के बीच रूट पर एक खंभा झुक जाने से ट्रेनें प्रभावित हुईं। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि मेन लाइन पर सबअर्बन सर्विस रोक दी गई है। बेमौसम बारिश से चिलचिलाती गर्मी से कुछ तक राहत जरूर मिली, मगर ठाणे के कलवा और कुछ अन्य इलाकों में बिजली गुल होने से परेशानी बढ़ गई।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button