देश

बैलेट पेपर से वोटिंग चाहने वालों को सुप्रीम कोर्ट से झटका….पीएम मोदी ने कहा – आरजेडी और कांग्रेस के सपने टूटे


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईवीएम पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए INDIA गठबंधन पर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने अररिया के फारबिसगंज में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शुक्रवार को कहा कि अदालत के फैसले से आरजेडी और कांग्रेस के सपने चूर-चूर हो गए। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि बैलेट पेपर वाला पुराना दौर नहीं लौटने वाला है। ईवीएम से ही मतदान होगा। इससे आरजेडी-कांग्रेस को झटका लगा है। इनके शासनकाल में बैलेट पेपर लूट लिए जाते थे।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फारबिसगंज में रैली करके अररिया और सुपौल लोकसभा सीट पर एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि आरजेडी कांग्रेस के इंडी गठबंधन को ना देश के संविधान की परवाह है, ना ही लोकतंत्र की चिंता है। ये वो लोग हैं जिन्होंने दशकों तक बैलेट पेपर के बहाने गरीबों का अधिकार छीना। पोलिंग बूथ और बैलेट पेपर लूट लिए जाते थे। बिहार के लोग साक्षी हैं कि कैसे आरजेडी-कांग्रेस के शासन में चुनावों में मतदान पत्र की लूटमार होती थी। इतना ही नहीं गरीबों को तो वोट डालने के लिए घर से बाहर भी नहीं निकलने दिया जाता था। दलित-पिछड़ों को डंडे की चोट पर बाहर निकलने से मना किया जाता था।

पीएम मोदी ने कहा कि अब गरीबों एवं ईमानदार मतदाताओं को ईवीएम की ताकत मिली है। ये चुनाव के दिन लूट चलाते थे, वोट हड़पने के खेल खेलते थे, इन लोगों से बर्दाश्त नहीं हो रहा था। अभी भी वे परेशान हैं। इसलिए उनका दिन रात यही काम रहता है, कैसे भी करके ईवीएम हटनी चाहिए। ये बटन दबाने वाला खेल बंद होना चाहिए। यही उनका खेल चल रहा है। इंडी गठबंधन के हर नेता ने ईवीएम को लेकर जनता के मन में संदेह पैदा करने का पाप किया है।



प्रधानमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आज ही मतपेटियों को लूटने का इरादा रखने वालों को ऐसा गहरा झटका दिया है कि उनके सारे सपने चूर-चूर हो गए। इन लोगों को देश की सबसे बड़ी अदालत ने ऐसा करारा तमाचा मारा है कि ये मुंह ऊंचा करके देख नहीं पाएंगे। आज का दिन लोकतंत्र के लिए शुभ दिन है, विजय का दिन है। पीएम मोदी ने अपनी सभा में लोकतंत्र जिंदाबाद के नारे भी लगवाए। इंडी गठबंधन के हर नेता को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button