देश

गोरखपुर से प्रयागराज की कम हो जाएगी 80 किमी दूरी, सीएम योगी आदित्यनाथ आज देंगे नए पुल का तोहफा….

(शशि कोन्हेर) : गोरखपुर व अंबेडकरनगर के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की पक्के पुल की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दोपहर बाद कम्हरिया घाट पहुंचकर सरयू (घाघरा) नदी पर बने पुल का लोकार्पण करेंगे। करीब 194 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1412.31 मीटर लंबे इस पुल पर संचालन शुरू हो जाने के साथ ही गोरखपुर से संगमनगरी प्रयागराज के बीच की दूरी करीब 80 किलोमीटर कम हो जाएगी। 500 गांवों के करीब 20 लाख लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। अंबेडकरनगर, आजमगढ़, जौनपुर, अयोध्या जाने के लिए लोगों के पास एक वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध होगा।

कम्हरिया घाट के एक ओर गोरखपुर तो दूसरी ओर अंबेडकरनगर जिला स्थित है। वर्षों से स्थानीय लोग यहां पक्का पुल बनाने की मांग करते आ रहे हैं। पक्का पुल न होने के कारण दोनों जिलों के बीच की दूरी 60 किलोमीटर बढ़ जाती थी। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने इस क्षेत्र के लोगों का सपना पूरा किया है। कम्हरिया घाट पुल से होकर जाने में गोरखपुर से प्रयागराज की दूरी अब सिर्फ 200 किलोमीटर होगी। अभी तक लोगों को 280 से 300 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती थी।

सरयू नदी के कम्हरिया घाट (सिकरीगंज-बेलघाट-लोहरैया-शंकरपुर-बाघाड़) पर पुल का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा किया गया है। इस पुल का निर्माण जून 2022 में पूरा किया गया। नवनिर्मित पुल से आवागमन चालू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दक्षिणांचल के इस पिछड़े क्षेत्र का अब सामाजिक व आर्थिक विकास होगा। चंचल शाही, मुन्ना मिश्रा आदि ने कहा कि पहले यहां लोग दिन में भी जाने से डरते थे लेकिन अब रात में भी निडर होकर यात्रा की जा सकेगी।

बेलघाट। कम्हरिया घाट पुल के लोकार्पण को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। हेलीपैड बनाने का काम लगभग पूरा हो गया है। लोकार्पण कार्यक्रम एवं जनसभा के लिए जर्मन हैंगर टेंट लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button