छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन में क्या होगा..? बदलाव होगा..? बदलाव नहीं होगा..?

(शशि कोंनहेर) : छत्तीसगढ़ में चुनाव आने के पहले दोनों ही प्रमुख पार्टियों के संगठन से जुड़ी ऐसी खबरें आने लगी है जिनका विधानसभा चुनाव पर गहरा असर पड़ने वाला है। भाजपा में जहां प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जाने के बाद अब “बदलाव की इस बयार” के कांग्रेस में भी दिखाई देने की चर्चा चल रही है। 2 दिन पहले इसे लेकर प्रमुखता से आई खबरों में कहा गया था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से मौजूदा अध्यक्ष मोहन मरकाम को छुट्टी दे दी जाएगी।

और उनकी जगह मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के भरोसेमंद कैबिनेट मंत्री श्री अमरजीत भगत अथवा दीपक बैज को प्रदेश का नया कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाएगा। इन खबरों में अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद मोहन मरकाम को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की भी चर्चा की जा रही है। लेकिन अब प्रदेश की राजधानी के सियासी गलियारों में इसके ठीक उलट दूसरी खबर सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि कल अर्थात सोमवार को अदानी मसले को लेकर राजभवन चलो प्रदर्शन के लिए राजधानी पहुंची प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुश्री शैलजा ने बदलाव की इन हवाओं को अपने वीटो से खारिज कर दिया है।

अंदरखाने खबर यह आ रही है कि उन्होंने मोहन मरकाम को अध्यक्ष पद से हटाने को लेकर चल रहे कयासों की हवा निकाल दी है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक कुमारी शैलजा ने बदलाव के विपरीत अपना विचार सबके सामने रख दिया है। अब इन दोनों ही खबरों के बीच आने वाले दिनों में कांग्रेस संगठन के भीतर क्या होना है..? क्या मोहन मरकाम यथावत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के अपने पद पर बने रहेंगे..? अथवा उनकी जगह किसी दूसरे और मुख्यमंत्री के भरोसेमंद नेता की इस पद पर ताजपोशी की जाएगी..?

राजधानी में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के भीतर और बाहर दोनों जगह, इन्हीं दो सवालों के जवाब कांग्रेसजन और उन्हीं की तरह मीडिया कर्मी भी तलाश रहे हैं। देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में उन्हें इन सवालों का क्या जवाब मिलता है..? मतलब क्या कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया जाएगा..? या फिर राज्य की सत्ताधारी पार्टी अपने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की अगुवाई में ही आने वाले विधानसभा चुनाव का सामना करेगी..? बहरहाल, इन दोनों सवालों का जवाब पाने के लिए इंतजार करिए..!

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button