छत्तीसगढ़

कुल्हाड़ी से गला काटकर महिला की हत्या,2 दिन बाद मिली लाश..

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक महिला की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी गई। महिला का शव गुरुवार सुबह उसके ही घर में बिस्तर पर पड़ा मिला है। वहीं पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सेवारी के बसियाटोंगरी निवासी अनीता केरकेट्टा (55) मितानिन (आशा कार्यकर्ता) का काम करती थी। पति विलियम राज मिस्त्री है। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी गांव में ही हुई है। विलियम 2 जनवरी को काम के सिलसिले में गांव से बाहर गया था।

विलियम ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार रात घर लौटा तो देखा कि बाहर कुंडी में ताला लगा है। उसे लगा कि अनीता काम के चलते घर नहीं लौटी है। इस पर विलियम गांव में ही रहने वाली अपनी बेटी के घर चला गया। अगले दिन सुबह वहीं से अपने काम पर निकल गया।

फिर रात को लौटा तो देखा कि दरवाजा पहले की ही तरह बंद है। इसके बाद वह फिर अपनी बेटी के घर चला गया, लेकिन गुरुवार सुबह जब उसने दरवाजे पर ताला देखा तो उसे शक हुआ। उसने दरवाजा खटखटाने का प्रयास किया तो खुल गया। अंदर देखा तो पत्नी का शव पड़ा हुआ था।

इसके बाद विलियम ने आसपास के लोगों, दामाद और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल मौके पर पुलिस जांच कर रही है। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम पहुंची है और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस ने बताया कि बदमाश घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी बात सामने आई है कि वारदात 2 जनवरी की दोपहर या शाम की हो सकती है। घर के पीछे परछी पर पैरों के निशान मिले हैं। इससे यह भी आशंका है कि हत्यारा पीछे के रास्ते घर में घुसा होगा। वारदात के दौरान महिला अकेली थी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button